
एजेण्डा बिन्दुओं का पालन प्रतिवेदन न देने पर होगी कार्रवाई – कमिश्नर
तय मात्रा से अधिक खाद लेने वाले किसानों का सत्यापन कर रिपोर्ट दें – कमिश्नर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कमिश्नर बीएस जामोद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संभागीय समीक्षा बैठक और कमिश्नर कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं में 10 जून तक पालन प्रतिवेदन दें। विभागीय बिन्दुओं में की गई कार्यवाही ऑनलाइन दर्ज कराएं। इस संबंध में सभी अधिकारियों को कई बार सचेत किया जा चुका है। समय सीमा का पालन न होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। समीक्षा बैठक कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में सौ दिन से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं। इसमें लेबल-1 पर अनअटेंडेड रहने वाले सभी आवेदनों में संबंधित अधिकारी के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई करें। सीएम हेल्पलाइन में मई माह में दर्ज आवेदनों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराकर विभाग की रैंकिंग में सुधार कराएं।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि संयुक्त संचालक कृषि तय मात्रा से अधिक खाद लेने वाले किसानों का सत्यापन करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। प्रत्येक किसान से संपर्क करके अधिक खाद खरीदने का कारण ज्ञात करें। इन किसानों को फसलों में खाद के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती की समझाइश दें। संभाग के सतना, मैहर और रीवा जिलों में नरवाई जलाने की घटना बड़ी संख्या में हुई हैं। किसानों को नरवाई के उचित प्रबंधन के लिए जागरूक करें। किसान संगोष्ठी तथा अन्य माध्यमों से किसानों को नरवाई से खाद बनाने के लिए प्रेरित करें। अभी खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। जिला, विकासखण्ड तथा ग्राम स्तर के कृषि विभाग के अधिकारी अभियान के दौरान लगातार क्षेत्र का भ्रमण करके किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक तथा प्राकृतिक खेती के लिए जागरूक करें। संयुक्त संचालक पशुपालन दुधारू पशुओं के नस्ल सुधार के प्रयासों की मानीटरिंग करें। संभाग के सभी जिलों में कृत्रिम गर्भाधान की प्रगति बहुत कम है। पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य भी 30 जून तक शत-प्रतिशत पूरा कराएं। इसकी हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
बैठक में कमिश्नर ने कहा कि आगामी वर्षाकाल में अतिवृष्टि और बाढ़ से राहत और बचाव के लिए समुचित प्रबंध करें। आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। सड़क सुरक्षा समिति की हर माह बैठक आयोजित कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयासों की समीक्षा करें। राहवीर योजना तथा प्रधानमंत्री राहत योजना का समुचित प्रचार-प्रसार कराएं। सरसी आईलैण्ड तथा संभाग के अन्य जलाशयों में नाव एवं मोटरबोट में सुरक्षा के प्रबंध कराएं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी तथा बाणसागर बांध में भी नौकायन में सुरक्षा के प्रबंधों की समीक्षा करें। कई जिलों से हैण्डपंपों के अवैध कब्जे की सूचनाएं मिली हैं। अधीक्षण यंत्री पीएचई हैण्डपंपों से अवैध कब्जा हटाने के लिए अभियान चलाएं। सभी जिलों में 12 से 18 जून तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। संभागीय अधिकारी इन शिविरों में उपस्थित रहकर आमजनता के आवेदनों के निराकरण तथा महत्वपूर्ण योजनाओं के प्रचार प्रसार की निगरानी करें। बैठक में कमिश्नर ने जल गंगा संवर्धन अभियान, पेयजल व्यवस्था, वर्षाजनित रोगों से बचाव, खाद और बीज के वितरण तथा स्कूलों में विद्यार्थियों के प्रवेश के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि ई आफिस से ही समस्त फाइलों का मूवमेंट करें। जिला और विकासखण्ड स्तर पर ई आफिस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू कराएं। बैठक में संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, एसडीओ वन हितेश खण्डेलवाल तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

