
नवी मुंबई में बनेगी विश्वस्तरीय ‘मेडिसिटी’, 1.2 अरब डॉलर का होगा निवेश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार, क्लीवलैंड क्लिनिक, ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट और आरोधन हेल्थ सिटी के बीच नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी (एनएमआईएमसी) के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस परियोजना में लगभग 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश तथा 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने कहा कि ‘मेडिसिटी’ राज्य सरकार की ऐसी महत्वाकांक्षी अवधारणा है, जो मरीजों की चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और प्रतिभा को एक ही परिसर में एकीकृत करेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘हील इन इंडिया’ विजन के अनुरूप है और जल्द ही धरातल पर साकार होगी।
यह मेडिसिटी नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। परियोजना को भारत के पहले वैश्विक स्तर के स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा अनुसंधान, मेडिकल शिक्षा और मेडिकल टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित परिसर में विश्वस्तरीय अस्पताल, मेडिकल एवं नर्सिंग संस्थान, क्लिनिकल रिसर्च सेंटर, जैव-प्रौद्योगिकी एवं जीवन विज्ञान सुविधाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित स्वास्थ्य नवाचार केंद्र तथा वेलनेस इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लीवलैंड क्लिनिक जैसी प्रतिष्ठित वैश्विक स्वास्थ्य संस्था की भागीदारी महाराष्ट्र के लिए गर्व का विषय है और यह साझेदारी भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में परिवर्तनकारी साबित होगी। परियोजना को राज्य सरकार द्वारा आवश्यक अनुमतियां और सहयोग प्रदान किया जाएगा।



