
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, दूध व मसालों के कई नमूने जांच हेतु भेजे गए
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, — जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय ने किया, जिसमें खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास एवं वीरन सिंह की संयुक्त टीम शामिल रही।
निरीक्षण के दौरान देवकली चौराहा से दो दूध के नमूने, जालौन रोड से दो दूध के नमूने तथा कानपुर रोड से एक दूध का नमूना संग्रहीत किया गया। इसके अतिरिक्त दिबियापुर स्थित एक प्रतिष्ठान से सोयाबीन तेल का नमूना भी लिया गया।
इसी क्रम में गौशाला रोड फूलगंज स्थित प्रतिष्ठान से साबूत हल्दी, बदनपुर स्थित प्रतिष्ठान से धनिया पाउडर एवं हल्दी पाउडर तथा निकट फूलमति मंदिर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठान से हल्दी पाउडर एवं मिर्च पाउडर के नमूने एकत्र किए गए।
सभी नमूनों को जांच हेतु खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
