
दिबियापुर पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, बाल अपचारी हिरासत में
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान;औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। थाना दिबियापुर पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी और चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत थाना दिबियापुर पुलिस ने मुकदमा संख्या 221/26, धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस में दर्ज चोरी की घटना का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी प्रशांत पोरवाल ने 11 जून 2026 को थाना दिबियापुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे पांच लाख रुपये नकद तथा लगभग दो किलोग्राम चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वैसुंधरा तिराहे से आगे फफूंद मार्ग पर स्थित पुलिया के पास से गोपाल पोरवाल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.90 लाख रुपये नकद, 18 जोड़ी चांदी की तोड़िया, छह पायल तथा दो कमरबंद बरामद किए। बरामद चांदी के आभूषणों का कुल वजन लगभग 1.3 किलोग्राम बताया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने पड़ोसी के घर में चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी के बाद सामान को वैसुंधरा तिराहे के समीप झाड़ियों में छिपा दिया था। दोनों आरोपी चोरी का सामान आपस में बांटने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपाल पोरवाल (35 वर्ष), निवासी नेहरू नगर, दिबियापुर के रूप में हुई है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। वहीं बाल अपचारी के विरुद्ध भी पहले से एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।


