
प्रवक्ता राजकीय इंटर कालेज में भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी औरैया एवं पुलिस अधीक्षक औरैया ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की जांच, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी शुचिता, पारदर्शिता एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराया जाए।
अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने एवं परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।


