
जिलाधिकारी श्री रिची पांडे के द्वारा आज बाजपट्टी प्रखंड के ग्राम पंचायत बनगांव उत्तरी में नोपानी हाई स्कूल में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया गया।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान;सीतामढ़ी बिहार
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी श्री रिची पांडे ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक आवेदन को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को अविलंब सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसेवा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें।

शिविर में उपस्थित लोगों से फीडबैक प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आमजनों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।मौके पर प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



