प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

हर किसान को सहकारी समिति का सदस्य बनाएं – श्री यादव 

हर किसान को सहकारी समिति का सदस्य बनाएं – श्री यादव 

सहकारी समितियों ने गेंहू उपार्जन में शानदार कार्य किया है – श्री यादव   

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा 17 जून 2026. मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेन्द्र यादव ने एक दिवसीय प्रवास के दौरान रीवा में सहकारी बैंक और सहकारी समितियों के कार्यों की समीक्षा की। नवीन सर्किट हाउस सभागार में आयोजित रीवा तथा शहडोल संभाग की संयुक्त बैठक में प्रशासक श्री यादव ने कहा कि सहकारी बैंक किसानों का बैंक है। हर किसान को सहकारी समिति का सदस्य बनाने तथा सहकारी बैंक में खाता खोलने के प्रयास करे। इसके लिए 30 जून तक चलाए जा रहे विशेष सदस्यता अभियान को कारगर बनाएं। यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्तमान वर्ष को किसान वर्ष घोषित करके किसानों की आय को दुगना बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुसार सहकारी बैंक अधिक से अधिक किसानों को बैंक से जोड़ने का प्रयास करें।

 

प्रशासक श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेंहू का रिकार्ड उपार्जन हुआ है। सहकारी समितियों ने गेंहू उपार्जन में शानदार कार्य किया है। सहकारी बैंक कृषि के साथ-साथ इससे जुड़े अन्य व्यवसायों के लिए भी किसानों को ऋण उपलब्ध कराए। पहले किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था। आज हमारी सरकार जीरो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण दे रही है। सहकारी बैंक में अन्य बैंकों की तुलना में जमा राशि पर वरिष्ठ नागरिकों को एक प्रतिशत अधिक ब्याज भी दिया जा रहा है। बैंक के कार्यों और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराकर इसके व्यवसाय में वृद्धि करे। बैंक से समय पर लेन-देन करने वाले किसानों को वर्ष में समारोहपूर्वक सम्मानि‍त करें। किसानों से नियमित संवाद रखें। अपने व्यवसाय में वृद्धि के लिए जनप्रतिनिधियों तथा किसान संगठनों का भी सहयोग लें।

 

बैठक में प्रशासक ने कहा कि सभी सहकारी समितियों में खाद का पर्याप्त भण्डारण कराकर किसानों को वितरण शुरू कराएं। फसल की बोनी से पहले किसान के पास पर्याप्त खाद पहुंचाने की व्यवस्था करें। एपेक्स बैंक की समीक्षा बैठकें अब प्रत्येक जिले में आयोजित की जाएंगी। इनमें सहकारी बैंक के अच्छे ग्राहक किसानों से संवाद भी किया जाएगा। बैठक में अपेक्स बैंक भोपाल के प्रतिनिधि राजकुमार गंगेले ने बताया कि रीवा और सतना सहकारी बैंक इस वर्ष तीन सौ करोड़ से अधिक का ऋण वितरित करेंगे। शहडोल बैंक द्वारा 87 करेाड़ तथा सीधी सहकारी बैंक द्वारा 100 करोड़ ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है। सभी सहकारी बैंकों में ऋणों की वसूली गत वर्ष की तुलना में 150 प्रतिशत से अधिक हुई है। सहकारी समितियों को बिना किसी रिस्क के इफको एमसी आउटलेट व्यवसाय से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए इफको तकनीकी सहयोग देने के साथ-साथ दो लाख रुपए की सामग्री 6 माह की अवधि के लिए बिना किसी ब्याज के उपलब्ध कराएगी। किसान सहकारी समिति से खाद और बीज खरीदने के साथ इस आउटलेट से कीटनाशक दवाएं खरीद सकेंगे। इसके लिए समिति को कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। समिति को कीटनाशकों की बिक्री से 8 से 18 प्रतिशत तक लाभ मिलेगा।

बैठक में सहकारी बैंकों का व्यवसाय बढ़ाने, समितियों की लेनदारी की वसूली, सहकारी बैंक में कर्मचारियों की भर्ती, रीवा में सहकारी बैंक के लिए भवन निर्माण तथा मंदसौर जिले के नाहरगढ़ सहकारी समिति मॉडल को लागू करने के सबंध में चर्चा की गई। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के महाप्रबंधक ज्ञानेन्द्र पाण्डेय ने प्रशासक का स्वागत करते हुए सहकारी बैंक और समिति के कार्यों की जानकारी दी। बैठक में रीवा और शहडोल संभाग के सभी जिलों के सहकारी बैंकों के महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन संभागीय प्रबंधक अपेक्स बैंक रीवा विनीत दुबे द्वारा आभार प्रदर्शन से हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button