
सम्पूर्ण समाधान दिवस में 36 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
ताखा (इटावा),। तहसील ताखा में शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 36 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष जांच के बाद कार्रवाई करें। साथ ही गांवों के भ्रमण के दौरान विभागीय योजनाओं का सत्यापन कर लाभार्थियों से फीडबैक भी प्राप्त करें।
उन्होंने लंबित मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में विलंब के कारणों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा सभी मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए थाना प्रभारियों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है, इसलिए शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होना चाहिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ताखा श्वेता मिश्रा, क्षेत्राधिकारी ताखा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



