
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड समीक्षा में इटावा की समेकित रैंकिंग में सुधार, कई योजनाओं में प्रदेश में प्रथम स्थान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (दर्पण पोर्टल) के अंतर्गत विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि विकास कार्यों से संबंधित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जनपद की रैंक अप्रैल 2026 में 25 थी, जो मई 2026 में 37 हो गई। वहीं राजस्व कार्यों की रैंक अप्रैल में 65 से सुधरकर मई में 53 हो गई। जनपद की समेकित रैंकिंग अप्रैल में 53 थी, जो मई में सुधार के साथ 44 पर पहुंच गई।
समीक्षा के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में जनपद को 10 में से 10 अंक प्राप्त हुए तथा प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल हुआ। इसके अलावा ड्रॉप मोर क्रॉप योजना, खराब ट्रांसफार्मर शिकायत निस्तारण एवं विद्युत बिल सुधार, कृषि रक्षा रसायन डीबीटी योजना, एम्बुलेंस-102 सेवा, टेली रेडियोलॉजी, दिव्यांग पेंशन योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी जनपद ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद को 10/10 अंक के साथ 64वीं रैंक, एकीकृत बागवानी विकास मिशन में 10/10 अंक एवं 46वीं रैंक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 10/10 अंक एवं 12वीं रैंक तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में 10/10 अंक एवं 11वीं रैंक प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री आवास योजना में पूर्ण अंक मिलने के बावजूद जनपद की रैंक 65 रही।
बैठक में नई सड़कों के निर्माण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों के किनारे नालियों का निर्माण कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़कों की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जनपद भ्रमण किसी भी समय प्रस्तावित हो सकता है, इसलिए सभी अपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाए तथा नई परियोजनाओं के प्रस्ताव भी तैयार रखे जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के सभी इंडिकेटरों पर विशेष ध्यान देने तथा जिन बिंदुओं पर जनपद की रैंकिंग में गिरावट आई है, उनमें तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, उप निदेशक कृषि सतीश कुमार पांडेय, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा प्रिया शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



