
सीतामढ़ी में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी आपूर्ति की समीक्षा, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में जिले में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति विभाग, सभी मार्केटिंग अधिकारी, गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में कुछ पेट्रोल पंपों पर निर्धारित औसत एवं लक्ष्य से अधिक ईंधन बिक्री दर्ज होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा करना या अनियमित तरीके से बिक्री करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को ईंधन की बिक्री पूरी पारदर्शिता के साथ करने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन पेट्रोल पंपों पर असामान्य बिक्री दर्ज की गई है, उनके सीसीटीवी फुटेज और बिक्री अभिलेखों की जांच के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जांच में जमाखोरी, कालाबाजारी या किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने तथा रिकॉर्डिंग निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए।
एलपीजी वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बैकलॉग को शीघ्र समाप्त करने तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं मार्केटिंग अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच अभियान चलाने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पूरी व्यवस्था की सतत निगरानी एवं नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि जिले में वर्तमान में 14.2 किलोग्राम के कुल 20,661 एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि प्रतिदिन की औसत आवश्यकता लगभग 13,000 सिलेंडर है। वहीं 19 किलोग्राम क्षमता वाले 1,443 सिलेंडर भी उपलब्ध हैं।
बैठक में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडेय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, सभी मार्केटिंग अधिकारी तथा पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।


