
मुहर्रम पर्व को लेकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। आगामी मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, धार्मिक नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुहर्रम के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।


