
सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों व केंद्राधीक्षकों को दिया गया आवश्यक दिशा-निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा के स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडे की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 24 जून 2026 को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक पाली में दो प्रश्न पत्रों में होगी। प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक संपन्न होगी।
वहीं विज्ञापन संख्या 02/2026 के अंतर्गत विशेष शाखा में सिपाही (सामान्य बंद संवर्ग) के रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 28 जून 2026 को जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर एकल पाली में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।
ब्रीफिंग के दौरान अपर समाहर्ता बृजकिशोर पांडे ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही या कदाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित केंद्राधीक्षक, वीक्षक तथा दंडाधिकारी के विरुद्ध बिहार लोक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी-सह-प्रेक्षक, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा संचालन की निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर स्थित विमर्श कक्ष में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06226-250317 एवं 06226-250318 निर्धारित किया गया है, जहां से परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की सतत निगरानी की जाएगी।
प्रशासन द्वारा यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी परीक्षा अवधि के दौरान आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या परीक्षा से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ब्रीफिंग कार्यक्रम में वरीय अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मो. नजीब अनवर, जिला योजना पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।


