उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

ग्राम क्योंटरा में राहत चौपाल का आयोजन, एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण।

ग्राम क्योंटरा में राहत चौपाल का आयोजन, एनडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण।

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया  संभावित बाढ़, अतिवृष्टि एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से जनहानि और पशुहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में तहसील औरैया के ग्राम क्योंटरा में राहत चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और बाढ़ से पूर्व की तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बाढ़ राहत एवं बचाव से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

राहत चौपाल के साथ ही 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ, गाजियाबाद की टीम द्वारा ग्राम क्योंटरा में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम (FAMEX) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ के सब-इंस्पेक्टर रमाकांत एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ सहित विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। एनडीआरएफ टीम ने ग्रामीणों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक बचाव तकनीकों तथा जान-माल की सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले उपायों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया। ग्रामीणों को बताया गया कि आपदा के समय किस प्रकार स्वयं को सुरक्षित रखते हुए अन्य लोगों की मदद की जा सकती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशासन और एनडीआरएफ के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समुदाय को हर परिस्थिति के लिए तैयार करना रहा।

उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद मुख्य चिकित्साधिकारी सुरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ की टीम सहित संबंधित अधिकारी व ग्रामीण जन आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button