
मुहर्रम-2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, :सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी रिची पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 एवं 110 के तहत कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी ताजिया जुलूसों के लिए पूर्व अनुमति (अनुज्ञप्ति) लेना अनिवार्य होगा। जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा तथा जुलूस में शामिल व्यक्तियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। जुलूसों में किसी भी प्रकार के घातक हथियार, प्रतिबंधित शस्त्र, भड़काऊ नारेबाजी अथवा उत्तेजक गीतों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मुहर्रम पर्व के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। सभी डीजे संचालकों को पूर्व में नोटिस देकर इसकी जानकारी दी जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति एवं मुहर्रम कमेटियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द एवं सामाजिक समरसता बनी रहे। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का भी निर्णय लिया है। अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट, संदेश, ऑडियो या वीडियो प्रसारित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम को जुलूस मार्गों की सफाई एवं सड़कों के गड्ढों की मरम्मत सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को लटकते बिजली तारों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया है। परिवहन विभाग को लगातार वाहन जांच अभियान चलाने तथा मद्यनिषेध विभाग को नई उत्पाद नीति के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी जुलूसों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों की वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया है, ताकि असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा सके। जिले के सार्वजनिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं सशस्त्र बलों की पर्याप्त संख्या में प्रतिनियुक्ति की गई है।
मुहर्रम के दौरान जिला आपदा प्रबंधन शाखा, सीतामढ़ी में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
बैठक में अपर समाहर्ता संजीव कुमार, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) बृजकिशोर पांडेय सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



