
एसपी ने की जनसुनवाई, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान;औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। पुलिस अधीक्षक औरैया ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याओं के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी थाना प्रभारियों से संवाद किया। उन्होंने निर्देशित किया कि थानों पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुना जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक औरैया तथा क्षेत्राधिकारी अजीतमल भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर उनके निस्तारण की प्रगति पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

