
समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जनपद के थाना दिबियापुर में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने फरियादियों से उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में अधिकांश मामले भूमि विवाद एवं अवैध कब्जे से संबंधित रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित थाना प्रभारी, हल्का इंचार्ज एवं लेखपाल को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की स्थलीय जांच कर नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान इस प्रकार किया जाए कि दोनों पक्ष संतुष्ट हों और विवाद का स्थायी समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ताओं को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष, लेखपाल, संबंधित अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।


