
दिबियापुर में निकली पल्स पोलियो जागरूकता रैली, 28 जून को हर बच्चे को पोलियो की दवा पिलाने की अपील
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को आयोजित होने वाले बूथ दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर से जनपद स्तरीय पल्स पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ पूर्व राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत एवं नगर पंचायत दिबियापुर के अध्यक्ष राधव मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने “दो बूंद जिंदगी की” और “0 से 5 वर्ष का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से न छूटे” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
अधिकारियों ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो रोधी वैक्सीन पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। रैली का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के संकल्प के साथ हुआ।


