
तीन दिवसीय आम महोत्सव के अंतर्गत मलिहाबाद में ‘आम की दावत’ और ‘आम के अस्पताल’ से किसानों को मिली नई सौगात
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:लखनऊ, उत्तर प्रदेश
03 से 05 जुलाई तक आयोजित आम महोत्सव के क्रम में शुक्रवार शाम को मलिहाबाद में आम के बागों के बीच आयोजित ‘आम की दावत’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दावत में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए किसानों, उद्यान विशेषज्ञों एवं आगंतुकों ने विभिन्न प्रजातियों के आमों तथा आम से बने विविध व्यंजनों का स्वाद लिया। मलिहाबाद के उन किसानों को उद्यान विभाग की बगिया में आमंत्रित कर इस महोत्सव का हिस्सा बनाया गया है, जो राज्य की समृद्धि और सम्मान के प्रतीक हैं। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हम सब दिन भर मेहनत करते हैं और शाम को साथ बैठकर भोजन करें, ये हमारी संस्कृति है।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि योगी सरकार ने मलिहाबाद में आम के किसानों के लिए एक ‘नए इलाज का अस्पताल’ शुरू किया है, जहाँ आम के पेड़ की पत्ती से लेकर जड़ों तक का इलाज होगा। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में ऐसे अस्पताल जो आम की पत्तियों से जड़ तक का इलाज कर रहे हैं, यह केवल योगी सरकार में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव है। यह अस्पताल आम के रोगों की जांच कर उपचार उपलब्ध कराएगा, जिससे किसानों को नई तकनीक का लाभ मिलेगा।


