
उच्च शिक्षा विभाग यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की कक्षाएं प्रारंभ करें, पुस्तकों का सेट सभी को उपलब्ध कराया जाएगा – कमिश्नर
कमिश्नर ने पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण और गौशालाओं का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
खनिज विभाग उड़नदस्ता दल को सक्रिय करते हुए अवैध खनिज उत्खननों पर अंकुश लगाएं
कमिश्नर ने समय सीमा की बैठक में दिए विभिन्न निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने संयुक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि वह संभाग के सभी जिलों के एक-एक महाविद्यालय में यूपीएससी एवं एमपीपीएससी की कक्षाएं तत्काल प्रारंभ कराएं। कमिश्नर ने कहा कि यूपीएससी व एमपी पीएससी के विषय से संबंधित पुस्तकों का सेट सभी विद्यार्थियों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। कमिश्नर ने इस संबंध में सभी विषयवार प्राध्यापकों को एमपीपीएससी एवं यूपीएससी के कोर्स पढ़ाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को निर्देश दिए कि वह बारिश से पूर्व सभी पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें और जिससे उन्हें खुरपका और मुंहपका रोग से बचाया जा सके, साथ ही जिले में स्थित सभी गौशालाओं का भी रोस्टर के अनुसार निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। गौशालाओं में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरूध तत्काल कार्रवाई करना भी सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने खनिज विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह अपने विभाग के उड़नदस्ता दल को व्यापक रूप से सक्रिय करें और खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर सख्ती से कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने सभी विभाग प्रमुख को आगामी 16 एवं 17 जुलाई को सभी जिला कोषालय में लेखा संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित हो रहे शिविर का लाभ उठाने के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभाग के अधिकारी अपने विभागीय लेखा, बकाया स्वत्वों, पेंशन, ग्रेच्युटी एवं वित्त संबंधी समस्याओं का निराकरण शिविर के माध्यम से कराना सुनिश्चित करें। एक पेड़ मां के नाम अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने जन अभियान परिषद के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह ग्राम पंचायतो में वृहद स्तर पर पौधारोपण कराना सुनिश्चित करें, साथ ही सिंगरौली जिले में विशेष तौर पर व्यापक पैमाने पर पौधारोपण का अभियान चलाते हुए पौधारोपण कराना सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक उद्यानकी को निर्देश दिए कि वे शासन द्वारा रीवा और सतना जिले में मखाना की खेती को बढ़ावा देने के लिए जो लक्ष्य दिए गए हैं उसकी शत-प्रतिशत पूर्ति करते हुए औषधीय पौधों की खेती को भी बढ़ावा दें। कमिश्नर ने ईआरईएस के अधिकारी को निर्देश दिए कि वह विभाग द्वारा निर्धारित किए गए सभी कार्य समय सीमा में पूर्ण करते हुए संबंधित एजेंसी को पूर्ण कार्य हैंडओवर भी करें। कमिश्नर ने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह चिन्हित ग्राम पंचायतो में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की एएनसी चेकअप अनिवार्य रूप से कराना सुनिश्चित करें। सभी डीपीओ एवं सीएमएचओ मिलकर शिविर में आवश्यक रूप से सहयोग प्रदान करें। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को निर्देश दिए की स्कूली विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का काम शीघ्रता से पूर्ण कर लिया जाए एवं साइकिल वितरण का काम भी जनप्रतिनिधियों के माध्यम से करना सुनिश्चित करें। हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई की तैयारी कराने के लिए स्कूलों में कक्षाएं संचालित की जाएं। कमिश्नर ने कहा कि सभी स्कूलों को नीट व जेईई की पुस्तकों का एक-एक सेट उपलब्ध कराया जाएगा।
कमिश्नर ने संयुक्त संचालक नगरीय विकास को जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनो को डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए। बताया गया कि रीवा संभाग में अब तक 154 जर्जर व क्षतिग्रस्त सार्वजनिक भवन चिन्हित किए गए थे जिनमें 86 भवनो को डिस्मेंटल कर दिया गया है एवं बाकी में संबंधित को नोटिस जारी किए गए हैं। कमिश्नर ने विधायक निधि, सांसद निधि एवं मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान निधि की जानकारी ली। कमिश्नर ने पीआईयू विभाग के अधिकारी को संभाग के सभी निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल (सांदीपनि स्कूल) को इसी वर्ष पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष अधिकारी को निर्देश दिए कि वह “आयुष आपके द्वार अभियान” के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के आयुष अस्पतालों के माध्यम से लोगों को घर-घर जाकर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित करें।
कमिश्नर ने बैठक में ऊर्जा विभाग के नए स्थापित सब स्टेशन, 33 केव्ही के पूर्ण हो चुके ट्रांसफार्मर, मत्स्य विभाग के सीड प्रोडक्शन के कार्य की प्रगति, स्कूल शिक्षा विभाग के वॉश एवं क्लीन अभियान के संबंध में जानकारी ली। कमिश्नर ने संभागीय मत्स्य अधिकारी को निर्देश दिए कि वह सभी जिलों में एक केज कल्चर अनिवार्य रूप से स्थापित करें। कमिश्नर ने एकेवीएन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह उद्योगपतियों एवं निवेशकों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का समाधान करें एवं निवेशकों के बीच जिलों में निवेश को लेकर अच्छा वातावरण बनाएं। कमिश्नर ने कहा कि रीवा संभाग में निवेशकों के आने से बड़ी संख्या में युवाओं को स्वरोजगार उपललब्ध होगा। बैठक में सभी संबंधित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



