
कमिश्नर की जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं एवं शिकायत को लेकर पहुंचे आवेदनकर्ता
किसी ने आम रास्ता खुलवाने तो किसी ने पेड़ कटवाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान; रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह आवेदनकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हैं। कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न आवेदनकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन कमिश्नर के समक्ष प्रस्तुत किये, जिनका कमिश्नर ने यथासंभव निराकरण किया। जनसुनवाई में पहुंचे हरिनारायण त्रिपाठी ने एनएच-27 स्थित ढाबे के सामने यूकेलिप्टस के चार पेड़ काटे जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि घर के सामने जर्जर स्थिति में यूकेलिप्टस के पेड़ हैं जो कभी भी गिर सकते हैं और घर को नुकसान पहुंचा सकते हैं। कमिश्नर ने मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग को उक्त समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम छिउला तहसील मनगंवा के विश्वनाथ तिवारी ने ग्राम कंदैला में अवरूद्ध आम रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने उक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की संतोषजनक समीक्षा व निराकरण के लिए उस प्रकरण को कलेक्टर की टीएल में मार्क किया।
जनसुनवाई में कार्यपालन यंत्री पुरवा नहर संभाग दो बाणसागर सतना से सेवानिवृत्त सहायक वर्ग तीन जंग बहादुर ने अपने प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उन्हें सेवानिवृत्त हुए 4 माह हो चुके हैं लेकिन अभी भी उन्हें पीपीओ जारी नहीं हुआ है। कमिश्नर ने मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग को निर्देश दिए की आवेदनकर्ता के पीपीओ को शीघ्र ही जारी करें। ग्राम बम्हना तहसील जवा की सबाकली ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि कलेक्टर के आदेश के बावजूद भू माफिया द्वारा 15 एकड़ के तालाब को जबरदस्ती कैप्चर करते हुए वहां जुताई और बुवाई की जा रही है। उन्होंने तत्काल जुताई और बुवाई रोकने की मांग की। कमिश्नर ने तहसीलदार जवा को प्रकरण की संपूर्ण जांच कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम जुड़मनिया तहसील नईगढ़ी जिला मऊगंज के एक आवेदनकर्ता ने हल्का पटवारी को हटाए जाने की मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने कलेक्टर मऊगंज को हल्का पटवारी की जांच करने के निर्देश दिए। संस्था गंगेय एग्रो फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के रामशरण तिवारी ने कमिश्नर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि गंगेय में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती हेतु संस्था का चयन किया गया है जिसमें जैव आदान, बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र निर्माण के साथ स्वतंत्र रूप से गौशाला संचालक के साथ प्राकृतिक खेती, नरवाई प्रबंधन, पशु नस्ल सुधार, दूग्ध उत्पादन कार्य संभव है। खरहरी/दादर कोठार गौशाला संचालक कार्य हेतु उन्होंने पशु चिकित्सा एवं डेयरी हेतु गौ संवर्धन बोर्ड में रजिस्ट्रेशन एवं आईडी पासवर्ड प्रदान करने की मांग की। कमिश्नर ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ग्राम सोहागी तहसील त्योंथर की श्रीमती अर्चना चतुर्वेदी ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत लगभग 80 वर्ष पुराने पुस्तैनी आवासीय परिसर के अभिलेखीकरण में गंभीर त्रुटि की शिकायत की। उन्होंने बताया कि लगभग उनके 5 हजार स्क्वायर फीट से ज्यादा की जमीन एवं घर को मात्र 5 वर्गमीटर में त्रुटि पूर्ण पटटा भू अधिकार दिया गया है, उन्होंने त्रुटि सुधारने की मांग की। कमिश्नर ने कलेक्टर रीवा को उक्त प्रकरण की जांच करने हेतु निर्देश जारी किये। जनसुनवाई में आवेदनकर्ताओं ने जमीन के सीमांकन, गरीबी रेखा का कार्ड, आवास उपलब्ध कराने, चिकित्सा सहायता एवं अन्य मांग संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। कमिश्नर ने सभी आवेदनों में गंभीरता पूर्वक कार्रवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए।


