
जनसुनवाई में 154 आवेदन प्राप्त हुए, कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिये कलेक्टर ने जनसुनवाई में पूर्व सैनिकों की समस्यायें भी सुनीं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान म ऊगंज एमपी
मऊगंज :कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से आए नागरिकों के कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने संबंधित आवेदनों को विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।उन्होंने इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं को भी सुना। नईगढ़ी जनपद के पथरौड़ा ग्राम पंचायत से दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने आवेदन देकर बताया कि गांव के ही कुछ लोगों द्वारा 50 वर्ष पुराने आम रास्ते को जबरन जोत लिया गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इसी प्रकार हनुमना तहसील के करकचहा और मऊगंज तहसील के नौढ़िया गांव से आए लोगों ने भी रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत की। कुलबहेरिया निवासी साधना सिंह ने आम रास्ते से पेड़ काटने की अनुमति मांगी। बहेरा कोठार, नईगढ़ी के श्रवण कुमार शुक्ला ने नंदन फल उद्यान योजना की मजदूरी भुगतान के संबंध में आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने मौके पर ही जनपद सीईओ नईगढ़ी को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। चौका सोनवर्षा निवासी जगदीश प्रसाद कुशवाहा ने प्रधानमंत्री मार्ग पर बने पुल को बंद किए जाने की शिकायत करते हुए कहा कि इसे नहीं खोला गया तो जलभराव की स्थिति निर्मित हो सकती है। पहाड़ी निवासी लल्ला कुशवाहा ने निजी भूमि पर कब्जा दिलाने तथा फुलहा निवासी रामस्वरूप सोधिया ने भूमिहीन पट्टा प्रदान करने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम मऊगंज को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
अल्हौआ निवासी श्यामसुंदर शर्मा ने राजस्व रिकॉर्ड में जाति त्रुटि सुधार तथा नईगढ़ी के टटिहरा कला निवासी सुमन सिंह पटेल ने कब्जे पट्टे की पुश्तैनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों द्वारा अपनी समस्याओं को रखा गया जिन्हें कलेक्टर द्वारा संबंधी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनने के बाद कलेक्टर श्री जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है और किसी भी आवेदन को लंबित नहीं रखा जाए। अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी सहित राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला बाल विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
है।



