
मेहनत लाई रंग: इटावा पुलिस के 21 आरक्षी बने उपनिरीक्षक, SSP ने किया सम्मानित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2026 में इटावा जनपद में तैनात 17 आरक्षी एवं 4 महिला आरक्षी का चयन उपनिरीक्षक पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में सभी चयनित पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया, पुष्पगुच्छ भेंट किए तथा मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि आरक्षी से उपनिरीक्षक तक का सफर कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर अध्ययन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि उपनिरीक्षक के रूप में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार उनकी प्रमुख जिम्मेदारियां होंगी।
उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से सफलता अवश्य मिलती है। सभी कर्मियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर उच्च पदों तक पहुंचने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर चयनित पुलिसकर्मियों ने एसएसपी का आभार व्यक्त करते हुए अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना से करने का संकल्प लिया।
यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) सीधी भर्ती-2026 में इटावा से कुल 21 पुलिसकर्मियों (17 आरक्षी एवं 4 महिला आरक्षी) का चयन हुआ है।


