
‘नया सवेरा अभियान 3.0′ : मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता रथ रवाना
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
नया सवेरा अभियान 3.0′ : जिलेभर में पहुँचेगा जन-जागरूकता रथ, मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध करेगा जागरूक, गाँव-गाँव पहुँचेगा जागरूकता का संदेश*
सीतामढ़ी: बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ के अंतर्गत वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो. नजीब अनवर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में सीतामढ़ी पुलिस की मानव तस्करी निरोध इकाई, विशेष किशोर पुलिस इकाई एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर पुलिस केंद्र से रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसे कानूनन दंडनीय अपराधों की रोकथाम, बाल संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों तथा नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक करेगा।इस अवसर पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. नजीब अनवर ने कहा कि “मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल विवाह जैसे अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम थाना, डायल 112 अथवा संबंधित विभाग को सूचित करें। आपकी एक सूचना किसी बच्चे का जीवन सुरक्षित कर सकती है।” उक्त अवसर पर पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी मानव तस्करी निरोध इकाई सुशील कुमार सिंह, अदिथी के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह, मनीष कुमार, मुकुंद चौधरी, पायल सिंह, काजल कुमारी, अमन कुमार एवं राकेश कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार एवं संजय वर्मा सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सीतामढ़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के शोषण अथवा अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


