
95 बच्चों को बाल श्रम एवं बाल तस्करी से मुक्त कराने की उल्लेखनीय सफलता के बाद ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ का शुभारंभ
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
सीतामढ़ी: बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश के आलोक में पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देशन में ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ का शुभारंभ शनिवार को सीतामढ़ी में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सह नोडल पदाधिकारी मो. नजीब अनवर के नेतृत्व में किया गया। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सीतामढ़ी पुलिस एवं अदिथी कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस केंद्र, सीतामढ़ी स्थित आनंद भवन में मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल विवाह उन्मूलन विषय पर संवाद एवं रणनीति निर्धारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरीय पुलिस उपाधीक्षक मो. नजीब अनवर ने की। इसमें पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। संवाद कार्यक्रम में अभियान की सफलता के लिए विस्तृत कार्ययोजना एवं रोडमैप तैयार किया गया। अपने संबोधन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मो. नजीब अनवर ने कहा कि मानव तस्करी, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी एवं बाल विवाह के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ जन-जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को भी समान महत्व दिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं सहयोगी संस्थाओं से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन पुलिस निरीक्षक सह शाखा प्रभारी, मानव तस्करी निरोध इकाई, सुशील कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर अदिथी कवच परियोजना के कार्यक्रम प्रबंधक रोहित सिंह ने संस्था की ओर से बच्चों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा के लिए पूर्ण सहयोग और प्रतिबद्धता व्यक्त की। वहीं मनीष कुमार एवं मुकुंद कुमार चौधरी ने अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा बाल शोषण मुक्त सीतामढ़ी के निर्माण का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अदिथी की प्रतिनिधि पायल सिंह, काजल, सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार, संजय वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रूपेश कुमार , ए.वी.ए के सहायक परियोजना अधिकारी शिव शंकर ठाकुर सहित स्वंयसेवी संस्थाओ के प्रतिनिधि ,पुलिस पदाधिकारी, कर्मी तथा अदिथी कवच परियोजना की टीम उपस्थित रही। उल्लेखनीय है कि सीतामढ़ी पुलिस ने हितधारकों एवं संबंधित विभाग के सहयोग से पूर्व में संचालित ऑपरेशन नया सवेरा, ऑपरेशन नया सवेरा 2.0 एवं ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत कुल 95 बच्चों को बाल श्रम एवं बाल तस्करी से मुक्त कराकर बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता वरीय पुलिस उपाधीक्षक मो. नजीब अनवर के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हासिल की है। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए अब 18 से 25 जुलाई तक ‘नया सवेरा अभियान 3.0’ के अंतर्गत जिलाभर में विशेष जन जागरूकता जागरूकता अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।


