
वाखरी (पंढरपुर) में 23 जुलाई को होगी ‘श्री समर्थ विष्णुदास वारकरी कुस्ती महावीर प्रतियोगिता’
वारकरियों के लिए अभिनव पहल, विभिन्न आयु वर्गों में होंगे मुकाबले
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे, महाराष्ट्र
पुणे,। विश्व शांति केंद्र (आळंदी), एमआईटी-डब्ल्यू.पी.यू./एमआईटी शिक्षण समूह, श्री क्षेत्र आळंदी-देहू परिसर विकास समिति तथा महाराष्ट्र राज्य कुश्तीगीर संघ के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को दोपहर 1:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक वाखरी (पंढरपुर) स्थित पालखी तळ के समीप विश्वशांति गुरुकुल परिसर में ‘श्री समर्थ विष्णुदास वारकरी कुस्ती महावीर प्रतियोगिता’ का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने अधिक से अधिक वारकरी पहलवानों से प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया है। यह जानकारी एमआईटी शिक्षण संस्था समूह के प्रबंध न्यासी एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राहुल विश्वनाथ कराड तथा प्रतियोगिता आयोजन समिति के सचिव प्रो. विलास कथुरे ने दी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन संत साहित्य के विद्वान एवं उर्वरित महाराष्ट्र विकास महामंडल के पूर्व अध्यक्ष उल्हासदादा पवार, हिंद केसरी दिनानाथ सिंह तथा डबल महाराष्ट्र केसरी पहलवान हर्षवर्धन सदगीर के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर विधायक समाधान आवताडे, महाराष्ट्र केसरी पहलवान आप्पासाहेब कदम तथा महाराष्ट्र केसरी पहलवान विष्णूतात्या जोशीलकर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री क्षेत्र आळंदी-देहू परिसर विकास समिति के कार्याध्यक्ष विश्वधर्मी प्रो. डॉ. विश्वनाथ दा. कराड करेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक वारकरी पहलवानों को 23 जुलाई की सुबह 7:30 बजे विश्वशांति गुरुकुल के मुख्य प्रवेश द्वार पर अपना पंजीकरण कराना होगा। आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड अथवा कोई अन्य शासकीय मान्यता प्राप्त पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता के आयु वर्ग एवं पुरस्कार राशि इस प्रकार है—
– 16 से 25 वर्ष : प्रथम ₹4,000, द्वितीय ₹3,000, तृतीय ₹2,000
– 26 से 35 वर्ष : प्रथम ₹5,000, द्वितीय ₹4,000, तृतीय ₹3,000
– 36 से 45 वर्ष : प्रथम ₹6,000, द्वितीय ₹5,000, तृतीय ₹4,000
– 46 से 55 वर्ष : प्रथम ₹7,000, द्वितीय ₹6,000, तृतीय ₹5,000
– 56 से 65 वर्ष : प्रथम ₹8,000, द्वितीय ₹6,000, तृतीय ₹5,000
– 70 वर्ष से अधिक : प्रथम ₹5,000, द्वितीय ₹3,000, तृतीय ₹2,000
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण योगमहर्षि स्वर्गीय रामचंद्र गोपाल शेलार (शेलार मामा) की स्मृति में 70 वर्ष से अधिक आयु के स्वस्थ पहलवानों के लिए विशेष कुश्ती प्रतियोगिता होगी।
इसके अतिरिक्त, 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के विजेता को ‘कुमार वारकरी कुस्ती महावीर’, 56 से 65 वर्ष आयु वर्ग के विजेता को ‘वारकरी कुस्ती महावीर’ तथा 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के विजेता को ‘ज्येष्ठ वारकरी कुस्ती महावीर’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। सभी विजेताओं को मान-पगड़ी, संतों की प्रतिमा, शॉल, स्मृति-चिह्न, पदक एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
महाराष्ट्र की लोककला को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से उसी दिन रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक संत एकनाथ महाराज के प्रसिद्ध नाथों के भारुड एवं गवळणी (लोकगायन) प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए प्रो. विलास कथुरे (मो. 9850211404) तथा पहलवान राहुल बिराजदार (मो. 8007593434) से संपर्क किया जा सकता है।

