
समय-सीमा में राजस्व प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर श्री जैन
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों, राजस्व वसूली एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज, मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में जिले में संचालित राजस्व संबंधी कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की । उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे आमजन से संबंधित हैं, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें तथा प्रत्येक स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरण राजस्व पुस्तक परिपत्र में निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकृत किए जाएं। उन्होंने कहा कि 0 से 3 माह तक लंबित प्रकरण, 03 माह से 06 माह तक लंबित प्रकरण, 6 माह से 1 वर्ष तक लंबित प्रकरण, समय सीमा के बाहर हुए प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित नहीं रखा जाए।
कलेक्टर ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, समग्र आईडी तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पात्र प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर समयबद्ध सहायता स्वीकृत की जाए। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सभी कार्यालयों में अधिकतम कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संपादित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री जैन ने रास्ता विवाद संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय पर कार्रवाई कर विवादों का स्थायी समाधान किया जाए। साथ ही जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, एसडीम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे हैं।



