
पुरहा नदी के पुनरुद्धार कार्य में नहीं होगी कोई शिथिलता, सभी विभाग समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से कराएं कार्य पूर्ण : जिलाधिकारी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया : जनपद में नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों एवं पुरहा नदी के पुनरुद्धार की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पुरहा नदी पुनरुद्धार कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि नदी का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन, भू-जल संरक्षण तथा जनजीवन की आवश्यकताओं से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनरुद्धार कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी को निर्देशित किया कि सिंचाई विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, उपायुक्त मनरेगा, लघु सिंचाई विभाग तथा जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे को सम्मिलित करते हुए एक संयुक्त समिति का गठन किया जाए। समिति स्थलीय निरीक्षण कर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर शेष बचे लगभग 18 किलोमीटर नदी खंड में आवश्यक कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर तत्काल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देशित किया कि उक्त नदी खंड में गाद निकासी, झाड़-झंखाड़ एवं अवरोधों की सफाई, जल प्रवाह को बाधित करने वाले कारणों का निराकरण तथा प्राकृतिक जलधारा को पुनः सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराए जाएं। कार्यों के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि नदी पुनर्जीवन अभियान केवल विकास का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्य समय से प्राप्त हो सके।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सी.पी. सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत दिबियापुर, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सुश्री साक्षी शुक्ला, एस.आई. आशीष पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।