
आदर्श मतदान केंद्र का जीवंत प्रदर्शन कर छात्र-छात्राओं ने दिया लोकतंत्र का संदेश
बच्चे बने पीठासीन पदाधिकारी, मतदान पदाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मी, मतदाता बनकर छात्र-छात्राओं ने किया मतदान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: सीतामढ़ी बिहार
मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्लस-2 एस.आर.पी.एन. उच्च विद्यालय, बाजपट्टी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से एक प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभा कक्ष को आदर्श मतदान केंद्र का स्वरूप दिया गया, जहां छात्र-छात्राओं ने निर्वाचन प्रक्रिया का सजीव एवं प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वातावरण बिल्कुल वास्तविक मतदान केंद्र जैसा दिखाई दे रहा था। छात्र-छात्राओं ने पीठासीन पदाधिकारी, मतदान पदाधिकारी, पुलिस बल एवं सीआरपीएफ के जवानों की भूमिका निभाई। प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मी बने विद्यार्थियों द्वारा मतदाताओं की जांच के बाद उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश कराया गया। मतदाता की भूमिका निभा रहे छात्र-छात्राएं मतदाता पहचान पत्र दिखाकर मतदान केंद्र पहुंचे तथा गोपनीय एवं निष्पक्ष मतदान की पूरी प्रक्रिया का अनुकरण किया।
इस अवसर पर कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मतदाता बनने की प्रक्रिया, निर्वाचन प्रणाली, ईवीएम के उपयोग, मतदाता सूची के निर्माण तथा विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। विद्यार्थियों ने आदर्श मतदान केंद्र की शानदार प्रस्तुति देकर लोकतंत्र के प्रति अपनी जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार नाग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के छात्र-छात्राएं ही कल के जागरूक मतदाता हैं। लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे भविष्य में होने वाले चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर निर्वाचन विषयक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मास्टर ट्रेनर एस.एन. झा, आनंद राज, गौतम कुमार एवं रामनरेश प्रसाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सरफराज अली अहमद ने निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से विद्यालयों में इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों के आयोजन के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शिक्षक अनिल कुमार, राहुल कुमार, नसरुद्दीन रहमान, अविनाश कुमार, राहुल झा, अभिषेक कुमार, वर्षा कुमारी, अंजली कुमारी एवं नवीन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



