Uncategorized

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से देवकली मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश।

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से देवकली मंदिर का किया निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश।

 

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया / श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा एवं देवकली मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने देवकली मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर तथा मेला क्षेत्र का भ्रमण कर बैरीकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शनिवार तक बैरीकेडिंग का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे।

उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र तथा क्लॉक रूम स्थापित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के सामान की सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। साथ ही संपूर्ण मेला परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेला परिसर में तैनात किए जाने वाले सभी वालेंटियर्स को निर्धारित ड्रेस एवं पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएं, जिससे श्रद्धालु आवश्यकता पड़ने पर आसानी से उनकी सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त मेला ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएं।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में अस्थायी चिकित्सा शिविर स्थापित कर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक औषधियों एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि देवकली मंदिर तक आने वाले समस्त मार्गों को तत्काल गड्ढामुक्त कराया जाए, जिससे कांवड़ियों एवं अन्य श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही मेला परिसर में साउंड सिस्टम स्थापित कर आवश्यक सूचनाओं, सुरक्षा संबंधी निर्देशों एवं जनहित संदेशों का नियमित प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, तहसीलदार सदर प्रकाश चौधरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button