मध्य प्रदेशप्रशासनरीवा

कमिश्नर ने आम जनों से प्राप्त शिकायत एवं समस्याओं की सुनवाई की

कमिश्नर ने आम जनों से प्राप्त शिकायत एवं समस्याओं की सुनवाई की

किसी ने ग्रेच्युटी दिलाने तो किसी ने मजदूरी की बकाया राशि दिलाने के संबंध में शिकायत की

 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान: रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . आम जनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली तथा सतना जिले से आए आवेदकों की शिकायत एवं समस्याओं की सुनवाई की तथा निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। जनसुनवाई में पहुंची सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती कौशल्या वर्मा ने बताया कि वह प्राथमिक शाला शिवपुरवा से 6 वर्ष पूर्व सेवानिवृत हुई हैं। लेकिन अभी तक उन्हें पेंशन और ग्रेच्युटी की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने पेंशन और ग्रेच्युटी की राशि की भुगतान की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को संपूर्ण प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार सेवानिवृत्त शिक्षिका को ग्रेच्युटी एवं पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आए ग्राम सेमरी जिला सतना के विवेक कुमार तिवारी ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि वे सांदीपनि स्कूल में कंप्यूटर ऑपरेटर थे, लेकिन उन्हें हटाकर किसी अन्य व्यक्ति को रख लिया गया। उनके द्वारा 6 माह तक किए गए कार्यों का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। आवेदक ने 6 माह की मजदूरी दिलाए जाने की मांग की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग को आवेदन का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम रतहरा जिला रीवा निवासी सुप्रिया द्विवेदी ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के द्वारा सिटी एमआरआई टेक्नीशियन की नियुक्ति में धांधली की गई है। उन्होंने कहा कि अन्य विषय के छात्र-छात्राओं की भर्ती कर ली गई है लेकिन उन्हें भटकाया जा रहा है। उन्होंने सिटी एमआरआई टेक्निशियन के पद पर नियुक्ति दिलाए जाने की मांग की। कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज के डीन को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डोल विकासखंड सिरमौर के अतिथि शिक्षक देवेंद्र सिंह लोध ने उच्च न्यायालय के आदेश एवं जिला शिक्षा विभाग के आदेश के उपरांत भी शाला में उनकी अतिथि शिक्षक की जॉइनिंग प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा न कराए जाने की शिकायत की। कमिश्नर ने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा को मामले का परीक्षण कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम खैरा तहसील सिरमौर के सुखलाल ने सरपंच एवं सचिव द्वारा उनके घर के सामने सड़क के ऊपर मिट्टी डालने की शिकायत की और कहा कि मिट्टी को तत्काल हटाया जाए। आवेदक युगल किशोर ने उनकी ग्राम भुअरी जिला मऊगंज की भूमि का गलत सीमांकन करने एवं उनसे पैसा मांगने और पैसा न देने पर भूमि का गलत सीमांकन करने तथा परेशान किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कमिश्नर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायती आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवेदनकर्ताओं को राहत प्रदान करने के निर्देश

दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button