
कलेक्टर ने आमजनता के 563 आवेदन पत्रों में की सुनवाई
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने आमजनता के 563 आवेदन पत्रों में सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को सात दिवस में आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने अनुभाग में जनसुनवाई के आवेदनों की नियमित समीक्षा करें। तहसील स्तर के आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित कराएं। सभी अधिकारी जनसुनवाई के आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण करें। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र तिवारी, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की तथा अन्य अधिकारियों ने भी आमजनता के आवेदनों में सुनवाई की।
जनसुनवाई में लक्ष्मण वर्मा निवासी भनिगवां ने आम रास्ते से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार जवा को मौके पर कार्यवाही के निर्देश दिए। रमेश प्रताप सिंह निवासी करहिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने के लिए ग्राम पंचायत सचिव द्वारा राशि की मांग की शिकायत की। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत सिरमौर को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। रामनिहोर कोल तथा 15 अन्य आवेदकों ने ग्राम मठा सेंगरान तहसील मनगवां में जमीन पर कब्जा दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार मनगवां को आवेदन की जांच करके समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए। मारू शुक्ला निवासी रायपुर सोनौरी ने उनकी जमीन से अवैध कब्जा हटाने तथा अतिक्रमण करने वालों को जेल भिजवाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम त्योंथर को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। रमोली प्रजापति निवासी इटहा ने उनकी जमीन पर अवैध रूप से बनाए जा रहे घर का निर्माण रोकने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार हुजूर को मौके पर जाकर कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भैयालाल कोल निवासी ग्राम उसकी ने तहसीलदार द्वारा मकान गिराए जाने की कार्यवाही की जाँच के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम जवा को प्रकरण में समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रीतू मिश्रा निवासी पारस नगर ने आधार के सत्यापन के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। शिवनाथ बंसल ने रास्ता खोलने के आदेश का पालन कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम गुढ़ को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में नक्शा में सुधार, उपचार सहायता, जमीन से अवैध कब्जा हटाने, मजदूरी भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति तथा पेंशन प्रकरणों सहित विभिन्न आवेदनों में सुनवाई की
गई।
