
मुख्यमंत्री सहायता निधि से मिला नया जीवन, पत्नी के लिवर दान से सफल हुआ ट्रांसप्लांट
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई। आर्थिक तंगी के कारण लिवर प्रत्यारोपण का खर्च उठाना असंभव हो गया था, लेकिन मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि और टाटा ट्रस्ट की आर्थिक मदद से अकोला निवासी प्रशांत इंगळे (47) का मुंबई के नानावटी अस्पताल में सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया। इस जीवनरक्षक शल्यक्रिया में उनकी पत्नी वर्षा इंगळे ने अपने लिवर का एक हिस्सा दान कर पति को नया जीवन दिया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि से 2 लाख रुपये तथा टाटा ट्रस्ट से 19.60 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। कुल 21.60 लाख रुपये की आर्थिक मदद से करीब 25 से 30 लाख रुपये लागत वाले इस जटिल उपचार को संभव बनाया गया।
प्रशांत इंगळे अकोला में केबल बिछाने का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वर्ष 2025 में उन्हें गंभीर लिवर बीमारी का पता चला, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल लिवर प्रत्यारोपण की सलाह दी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज मुश्किल था। इसके बाद मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक के मार्गदर्शन में आवश्यक दस्तावेज पूरे कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
25 जून 2026 को सफल लिवर ट्रांसप्लांट के बाद प्रशांत इंगळे की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और 13 जुलाई 2026 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वर्तमान में उनकी सेहत स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
इंगळे परिवार ने समय पर मिली सहायता के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि, धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष तथा टाटा ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लगातार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।



