प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

हर घर तिरंगा अभियान-2026: 14 अगस्त को तिरंगा रैली, 16 अगस्त को 93 किमी लंबी मानव श्रृंखला

हर घर तिरंगा अभियान-2026: 14 अगस्त को तिरंगा रैली, 16 अगस्त को 93 किमी लंबी मानव श्रृंखला

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: सीतामढ़ी बिहार 

सीतामढ़ी। हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सफल बनाने के लिए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में यह अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से जोड़ने के साथ घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

इसी क्रम में उप विकास आयुक्त, सीतामढ़ी सुश्री श्वेता भारती की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

 

14 अगस्त को जिला स्तरीय तिरंगा रैली

 

अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। इसमें जिले की प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित वरीय पदाधिकारी, अधिकारीगण, बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल होंगे।

 

रैली के दौरान तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली, सामूहिक वंदे मातरम् गायन सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों और महाविद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

 

16 अगस्त को 93 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला

 

16 अगस्त 2026 को सीतामढ़ी के सीमावर्ती क्षेत्र में करीब 93 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। जिले के पांच प्रखंडों से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देगा।

 

मानव श्रृंखला में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

 

सुरक्षा, यातायात और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर

 

उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मानव श्रृंखला और अन्य कार्यक्रमों के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने तथा सभी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों पर प्रतिभागियों की संख्या, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों की नियमित समीक्षा करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर घर तिरंगा अभियान-2026 को सीतामढ़ी में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button