
‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सुनीं जन समस्याएं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी, : बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘सात निश्चय-3’ के तहत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के अंतर्गत जिलाधिकारी रिची पांडेय ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आईसीडीएस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, राशन कार्ड और अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। प्रत्येक शिकायत का समय-सीमा के भीतर त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा-संवाद-समाधान’ के माध्यम से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत हुआ है। इससे समस्याओं के समाधान में तेजी आने के साथ ही प्रशासन के प्रति आम लोगों का भरोसा भी बढ़ रहा है।



