
लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करे : कलेक्टर
जन-विश्वास अभियान के आवेदनों का समाधानकारक निराकरण करे : कलेक्टर श्री जैन
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, फार्मर रजिस्ट्री तथा वर्षाकाल में जलभराव की स्थिति वाले क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की । कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से सीधे जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर अभियान चलाकर शेष किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व विभाग शासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन सहित राजस्व से जुड़े प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें ।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अभियान के तहत प्राप्त शत-प्रतिशत आवेदनों का समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप अभियान के माध्यम से शासन को गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। अधिकारी प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण करें।
वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित होती है, वहां मैदानी निरीक्षण करें। अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें तथा आवश्यकता के अनुसार आमजन के लिए आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को समय पर राहत और सेवाएं उपलब्ध कराना है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसमस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की कार्यप्रणाली से मजबूत होता है। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय,एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



