
2027 गोवा विधानसभा चुनाव की तैयारियों की शुरुआत, 2-3 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे समीक्षा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान :पणजी गोवा
पणजी। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने गोवा में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 2 और 3 सितंबर को गोवा के दौरे पर रहेंगे और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
निर्वाचन आयोग के सचिवालय की ओर से 8 अगस्त को जारी संचार के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त का यह दौरा दो दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन का हिस्सा होगा।
2 सितंबर को BLO के साथ संवाद
दौरे के पहले दिन यानी 2 सितंबर को विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और आसपास के जिलों से करीब 500 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े जमीनी स्तर के कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ संवाद किया जाएगा।
3 सितंबर को ELC और ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन
3 सितंबर को ELC और ECINET से संबंधित क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों से प्रतिनिधित्व होगा और करीब 1,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
सम्मेलन में शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और चुनाव अधिकारियों की भी भागीदारी होगी। इसका उद्देश्य मतदाता जागरूकता बढ़ाने और चुनावी प्रक्रिया को और मजबूत करना बताया गया है।
आयोग की योजना के अनुसार, कक्षा 9 से 12 तक के करीब 250 स्कूलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे। प्रत्येक चयनित स्कूल से प्रधानाचार्य/प्रमुख और शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर चुने गए एक छात्र और एक छात्रा के भाग लेने का प्रस्ताव है।
इसके अलावा करीब 10 विश्वविद्यालयों और 20 प्रमुख कॉलेजों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कुल मिलाकर लगभग 300 शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधित्व की संभावना है।
चुनावी प्रक्रिया की दी जाएगी जानकारी
कार्यक्रम में मतदाता सूची तैयार करने, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े प्रदर्शन भी किए जाएंगे। इसके साथ प्रदर्शनी और क्विज का आयोजन भी प्रस्तावित है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।
गोवा में मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त होना है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के अनुसार, राज्य में विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में होने की संभावना है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त का सितंबर दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



