हरियाणाराजनीतिराज्य

हांसी में कांग्रेस बैठक के दौरान नेताओं में विवाद, ऑब्जर्वर अजय कुमार लल्लू के सामने चेयर पर बैठने को लेकर कहासुनी

हांसी में कांग्रेस बैठक के दौरान नेताओं में विवाद, ऑब्जर्वर अजय कुमार लल्लू के सामने चेयर पर बैठने को लेकर कहासुनी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान हांसी हरियाणा 

हांसी। हरियाणा में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत हांसी पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी में पार्टी नेताओं के बीच विवाद हो गया। बैठक के दौरान चेयर पर बैठने को लेकर कांग्रेस नेताओं में कहासुनी हुई, जिसके बाद कुछ देर के लिए माहौल गरमा गया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हरियाणा में संगठन सृजन अभियान के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए अजय कुमार लल्लू हांसी में नए जिले के कांग्रेस जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने पहुंचे थे।

जिला अध्यक्ष के चयन पर मंथन

लल्लू ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत नए जिले में जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि जिला अध्यक्ष ऐसा व्यक्ति बने जो पारदर्शी तरीके से काम करे, जनता के बुनियादी मुद्दों को लेकर संघर्ष करे और कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष किसी गुट या व्यक्ति विशेष का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि कांग्रेस का कार्यकर्ता होना चाहिए। जिला अध्यक्ष पद के लिए कम से कम पांच साल पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता को आवेदन करने का प्रावधान रखा गया है।

कई संगठनों के कार्यकर्ता कर सकते हैं आवेदन

लल्लू के मुताबिक यूथ कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस, सेवा दल, विभिन्न फ्रंटल संगठनों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं के अलावा ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष, PCC या AICC सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता निर्धारित नियमों के तहत आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इच्छुक कार्यकर्ताओं को फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।

गुटबाजी पर भी बोले लल्लू

संगठन सृजन अभियान की जरूरत बताते हुए लल्लू ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यह भावना सामने आई थी कि गुटबाजी के कारण जमीन पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की प्रतिभा दब जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए कैडर आधारित संगठन को मजबूत करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं को भी अलग-अलग जिलों में जिला अध्यक्षों के चयन की जिम्मेदारी दी है।

बीजेपी कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का ज्ञान न दे’

वंदे मातरम को लेकर उठे विवाद पर अजय कुमार लल्लू ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की स्वतंत्रता आंदोलन में कोई विरासत नहीं रही, उन्हें कांग्रेस को राष्ट्रभक्ति का ज्ञान नहीं देना चाहिए।

उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, राम प्रसाद बिस्मिल और रवींद्रनाथ टैगोर सहित स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस अपने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

पार्टी से बड़ा कोई नहीं’

सिरसा में कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद और संगठन को लेकर पूछे गए सवाल पर लल्लू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी से बड़ा कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टियों में गए नेताओं की मौजूदा राजनीतिक स्थिति जनता के सामने है।

उन्होंने कहा कि सिरसा में भी संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्ष का चुनाव होगा और जल्द ही नए जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा सामने आएगी।

कर्मचारियों के मुद्दों पर आंदोलन का दावा

लल्लू ने कहा कि कांग्रेस जनता और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने चंडीगढ़ में कर्मचारियों के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस के विधायक, जिला अध्यक्ष, पार्टी प्रत्याशी और संगठन के पदाधिकारी लगातार जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर संघर्ष कर रहे हैं।

हालांकि, हांसी की बैठक में नेताओं के बीच हुए विवाद को लेकर सामने आए घटनाक्रम ने कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चा को जरूर तेज कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button