
निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन एवं विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण हेतु नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) के प्रभावी गठन तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों के संचालन के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के नोडल अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लबों की भूमिका, उद्देश्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति युवाओं में जागरूकता विकसित करने, मतदाता पंजीकरण को प्रोत्साहित करने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रशिक्षण के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ECINET एप के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों को बताया गया कि इस एप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न सेवाएं, ई-ईपीआईसी (EPIC) कार्ड डाउनलोड, बीएलओ से संपर्क एवं कॉल बुक करना सहित निर्वाचन से जुड़े अनेक कार्य ऑनलाइन एवं सरलता से किए जा सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को ECINET एप डाउनलोड कराकर उसके उपयोग के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा मतदाता लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के 204 विद्यालयों एवं 69 महाविद्यालयों में 10 सितंबर तक अनिवार्य रूप से निर्वाचन साक्षरता क्लब का गठन कर लिया जाए तथा प्रत्येक संस्थान में नामित नोडल अधिकारी क्लब के गठन की सूचना एवं आवश्यक विवरण ECINET पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिक्षण संस्थानों में 18 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया जाए तथा उन्हें ई-ईपीआईसी कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूर्ण कराई जाए। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची में जेंडर रेशियो में सुधार लाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे प्रत्येक पात्र महिला मतदाता का भी समय से पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब केवल औपचारिक गठन तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, परिचर्चा, वाद-विवाद, शपथ ग्रहण, प्रश्नोत्तरी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित गतिविधियों का आयोजन भी करें, जिससे विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति सकारात्मक समझ विकसित हो और वे जागरूक मतदाता बनने के साथ-साथ समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों एवं नोडल अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 अविनाश चंद्र मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी रावेन्द्र, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



