
नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी प्रशासन ने सुरक्षित निकाला
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के चलते काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने सुरक्षित भारत लाकर महाराष्ट्र के लिए रवाना किया। विषम परिस्थितियों में फंसे तीर्थयात्रियों ने महाराष्ट्र सरकार से संपर्क किया था। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने बिहार सरकार से समन्वय स्थापित किया।
बिहार सरकार के निर्देश पर 28 अगस्त को सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा से सभी 106 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित सीतामढ़ी पहुंचाया। प्रशासन की टीम ने तीर्थयात्रियों को एस्कॉर्ट करते हुए सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की। इस दौरान उनके लिए भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई।
प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग और सुरक्षा उपलब्ध कराने के बाद सभी तीर्थयात्रियों को सकुशल महाराष्ट्र के लिए रवाना किया जा रहा है। सुरक्षित वापसी पर तीर्थयात्रियों ने सीतामढ़ी जिला प्रशासन और बिहार सरकार की तत्परता, संवेदनशीलता तथा राहत एवं बचाव प्रयासों के लिए आभार जताया।
इस राहत एवं बचाव अभियान में बिहार सरकार और जिला प्रशासन के त्वरित अंतर-राज्यीय समन्वय एवं मानवीय दृष्टिकोण की विदेश मंत्रालय (MEA) और गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा भी सराहना की गई। प्रशासनिक स्तर पर त्वरित निर्णय और प्रभावी समन्वय के कारण अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।


