
आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री श्वेता भारती, सिविल सर्जन डॉ. रविन्द्र कुमार यादव, जिला योजना पदाधिकारी श्री संतोष सुमन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जेयाउद्दीन जावेद, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, डीआरडीए निदेशक श्री राजेश भूषण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह सहित शिक्षा, कृषि, आईसीडीएस, पशुपालन एवं जीविका विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैरगनिया प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री सुनील कुमार गौड़ भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री सुल्तानिया ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि एवं जल संसाधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में जिले की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आकांक्षी जिला सूचकांक में सीतामढ़ी की रैंकिंग में सुधार लाने हेतु ठोस प्रयास करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम का उद्देश्य पिछड़े क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित करना है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि जमीनी स्तर पर योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँच सके। उन्होंने विशेष रूप से बैरगनिया प्रखंड में चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए बीडीओ श्री गौड़ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में इस कार्यक्रम हेतु तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही पीरामल फाउंडेशन की टीम ने भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित की और विभिन्न सूचकांकों पर जिले की प्रगति से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत किए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए बैठक का समापन किया।



