
11 सितंबर से खुलेगा पोरवोरिम एलिवेटेड कॉरिडोर, 5.5 किमी छह लेन सड़क पर दौड़ेंगे वाहन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पणजी गोवा
पणजी। गोवा के पोरवोरिम एलिवेटेड कॉरिडोर पर 11 सितंबर को शाम चार बजे से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 5.5 किलोमीटर लंबे छह लेन वाले इस एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन 9 सितंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इसकी जानकारी रविवार को लोक निर्माण मंत्री दिगंबर कामत ने दी।
कामत के अनुसार, उद्घाटन समारोह कॉरिडोर के मजेस्टिक होटल की ओर स्थित प्रवेश बिंदु पर होगा। इसके बाद गडकरी गुइरिम प्रवेश द्वार पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह में करीब 3,000 से 4,000 लोगों के पहुंचने की संभावना है।
वाहनों की आवाजाही शुरू होने से पहले 7 और 8 सितंबर को कॉरिडोर को आम लोगों के लिए पैदल चलने के लिए खोला जाएगा। लोग इस दौरान पुल पर घूमने, बैठने और सेल्फी लेने के साथ मैराथन जैसे आयोजन भी कर सकेंगे। हालांकि उद्घाटन से पहले दोपहिया और चारपहिया समेत किसी भी वाहन को कॉरिडोर पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
11 सितंबर को मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और चार-पांच विधायक शाम चार बजे वाहन से कॉरिडोर पर सफर कर औपचारिक रूप से यातायात की शुरुआत करेंगे।
गणेश चतुर्थी से पहले पूरा हुआ काम
एलिवेटेड कॉरिडोर का काम मूल रूप से दिसंबर में पूरा होना था, लेकिन गणेश चतुर्थी से पहले यातायात शुरू करने के उद्देश्य से इसे तेज गति से पूरा किया गया। सरकार का कहना है कि इससे गणेश प्रतिमाओं के परिवहन समेत स्थानीय लोगों की आवाजाही में सुविधा होगी। निर्माण के दौरान पोरवोरिम, सालिगाओ और मापुसा के लोगों को हुई असुविधा के बावजूद उनके सहयोग के लिए मंत्री ने आभार जताया।
परियोजना की स्वीकृत लागत 641.46 करोड़ रुपये है, जबकि इसका टेंडर 364.68 करोड़ रुपये में दिया गया, जो स्वीकृत लागत से 23.7 प्रतिशत कम है। परियोजना का ठेका आरआरएसएम इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को मिला है।
कॉरिडोर के दोनों ओर सर्विस रोड भी तैयार हैं। मंत्री ने बताया कि नेशनल हाईवे के तहत आने वाली परियोजना में नीति के अनुसार एआई कैमरे लगाए जाएंगे।


