
केन्द्रीय जेल रीवा में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा केन्द्रीय जेल रीवा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जेल में निरुद्ध बंदियों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़ी एक आकर्षक और भव्य झांकी तैयार की गई, जिसमें मथुरा के प्राचीन किले का स्वरूप देते हुए कारागार और यमुना नदी आदि का सजीव चित्रण किया गया। इसके साथ ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के वृतांत को भी प्रस्तुत किया गया। जन्मोत्सव की खुशी में बंदियों ने उत्साहपूर्वक लोक नृत्य, भजन एवं कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस विशेष कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष मीनाक्षी मिश्रा एवं रीवा न्यायालय से निश्चल सिंह उपस्थित रहे। जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय की मुख्य भूमिका में आयोजित इस सफल कार्यक्रम को संपन्न कराने में उप जेल अधीक्षक संजीव कुमार गेंदले व श्याम सिंह कुशवाह, सहायक जेल अधीक्षक हेमंत रावत, सेवानिवृत्त संगीत शिक्षक राजेश शुक्ला, शिक्षक राजीव कुमार तिवारी व स्वदीप सिंह सहित समस्त जेल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



