
स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज कार्य में तेजी लाने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश धीमी प्रगति पर एजेंसी को फटकार,
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी जिले में सात निश्चय–2 योजना अंतर्गत कराए जा रहे स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज कार्य की प्रगति की समीक्षा आज जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में विमर्श सभा कक्ष में की गई। बैठक में योजना के विभिन्न चरणों में चल रहे कार्यों, कार्य की गति एवं अब तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
कार्य की धीमी प्रगति एवं हो रहे विलंब पर जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में तत्काल तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित बुडको के पदाधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बुडको के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि कार्यकारी एजेंसी से कार्य की धीमी प्रगति के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय एवं पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। जनहित की इस महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
(दैनिक प्रगति रिपोर्ट एवं 10 दिनों की कार्ययोजना देने का निर्देश(
जिलाधिकारी ने योजना के नोडल पदाधिकारी वरीय उपसमाहर्ता मोहम्मद इस्लाम एवं डीआरडीए निदेशक राजेश भूषण को निर्देशित किया कि स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना की प्रगति का दैनिक प्रतिवेदन जिलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही संबंधित एजेंसी को प्रत्येक 10 दिनों के लिए स्पष्ट एवं व्यावहारिक कार्ययोजना (प्लान) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि कार्य की प्रगति में किसी प्रकार की बहानेबाजी अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य को गति देते हुए निर्माण में गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए।
(जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण योजना)
जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि, “स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज योजना शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण योजना है। इसके निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित एजेंसी पूरी क्षमता के साथ कार्य में तेजी लाए तथा गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करे।”
उन्होंने कहा कि योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मालूम हो कि सीतामढ़ी जिले में सात निश्चय–2 योजना के अंतर्गत लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत से बुडको द्वारा स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज का कार्य कराया जा रहा है। योजना के पूर्ण होने से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इससे मेहसौल चौक, कारगिल चौक, गौशाला चौक, साहू चौक सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा।
बैठक में डीडीसी शश्वेता भारती, एसडीओ सदर, नोडल पदाधिकारी, डीपीआरओ श्री कमल सिंह सहित बुडको एवं विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।


