
कलेक्टर ने किया पटेहरा स्कूल का निरीक्षण – लापरवाहों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में जवा विकासखण्ड के ग्राम कल्याणपुर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर से पहले कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा ने हाई स्कूल पटेहरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में साफ-सफाई का अभाव पाया गया। छात्राओं के लिए असुरक्षित स्थल पर शौचालय का निर्माण किया गया है जहाँ जाने में छात्राओं को परेशानी होती है। कलेक्टर ने निरीक्षण करते हुए कहा कि प्राचार्य विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ स्कूल की व्यवस्था पर भी ध्यान दें। स्टाफ रूम की आलमारियों के ऊपर भरा कचरा तत्काल साफ कराएं। कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को अभी तक नि:शुल्क पुस्तकें नहीं मिली हैं, ऐसी स्थिति सहन नहीं की जाएगी। अभी 99 विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति के आवेदन भी लंबित हैं। प्राचार्य दो दिवस में सभी आवेदन पत्र दर्ज कराएं। मौके पर उपस्थित जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा ने बताया कि प्राचार्य द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है। उनके विरूद्ध हाईकोर्ट में अवमानना का प्रकरण भी चल रहा है। कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्राचार्य के विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने हाईस्कूल के विभिन्न कक्षों तथा संचालित परीक्षा का जायजा लिया। उन्होंने माध्यमिक शाला और प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित मीनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन बनाएं। भोजन बनाते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने आम जनता से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर और सीईओ ने उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि इस माह सभी को दो महीने का खाद्यान्न मिला है। खाद्यान्न का नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है। दुकान में उपलब्ध गेंहू और चावल की गुणवत्ता अच्छी पाई गई। जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश ताण्डेकर ने खाद्यान्न वितरण की जानकारी दी।