
प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है – मुख्यमंत्री
सेवा संकल्प अभियान की हर गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करें – मुख्यमंत्री
केंद्र सरकार की योजनाओं से हुए बड़े निर्माण कार्यों एवं हितग्राहियों के घरों में जलेंगे आशीर्वाद के दीप – मुख्यमंत्री
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स और कलेक्टर्स को सेवा संकल्प अभियान के संबंध में निर्देश दिए। अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के शुभारंभ में 17 सितंबर को कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की योजनाओं द्वारा निर्मित बड़े निर्माण कार्यों एवं लाभांवित हितग्राहियों के घरों में आशीर्वाद के दीप 17 सितंबर को जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीपक अवश्य जलवायें। केंद्र सरकार की योजनाओं तथा प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रमों से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है। प्रदेश भर में कई बड़ी परियोजनाएं संचालित हैं। इसी दिन रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारी कार्य योजना के अनुसार तैयारी कर लें। अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी पूरी भागीदारी रहेगी। कलेक्टर्स जिले के प्रभारी मंत्री से परामर्श करके अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों के आयोजन को अंतिम रूप दें। सेवा संकल्प अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली हर गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। वीडियो, फोटो और अन्य जानकारियां पोर्टल पर दर्ज करने के लिए अलग से टीम तैनात करें। उज्जैन में क्षिप्रा के तट पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे। इसके लिए पूरी तैयारी कर लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान मेरे सपनों का भारत विषय पर पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता सभी स्कूलों और कॉलेजों में आयोजित की जाएगी। इसके विजेताओं को जिला स्तर पर पुरस्कृत करें। इसका आयोजन 19 से 26 सितंबर तक किया जाएगा। इसी तरह 26 सितंबर से आंगन मिलन सेवा का आयोजन प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में किया जाएगा। महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ लाभान्वित महिलाओं को सम्मानित भी करें। अभियान के दौरान विकास कार्यों और लाभांवित हितग्राहियों की सफलता की कहानी लगातार अपलोड की जाएंगी। विभागीय अधिकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सफलता की कहानियों का प्रकाशन कराएं। सेवा ज्योति कलश यात्रा 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यात्रा का समापन जिला मुख्यालय पर होगा जहां मंचीय कार्यक्रम होंगे। अभियान के दौरान 2 से 10 अक्टूबर तक सेवा में मेरा योगदान सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इसमें चिन्हित 25 गतिविधियों में से जिले में कम से कम 10 गतिविधियों का आयोजन करें। सेवा सेतु अभियान 2 से 10 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत में आयोजित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मेलन में प्रदेश भर से पंचायत पदाधिकारी शामिल होंगे। उनकी सूची बनाकर अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अभियान में शामिल विभिन्न गतिविधियों के आयोजन के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए गए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मंत्रीगण, मुख्य सचिव तथा अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे। कमिश्नर कार्यालय से कमिश्नर शीलेंद्र सिंह तथा संयुक्त आयुक्त विकास वीरेंद्र पटेल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए। कलेक्टर कार्यालय से कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, सीईओ जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा तथा आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन तथा अन्य अधिकारी इसमें शामिल हुए।


