जिले के 21899 हितग्राहियों को मिलेंगे स्वामित्व योजना के भू-अधिकार पंजीयन प्रमाण पत्र
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जिले भर में स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को भू-अधिकार प्रमाण पत्र पंजीयन का लाभ नि:शुल्क दिया जा रहा है। भू स्वामियों के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से उनके भू-अधिकार पंजीयन प्रमाण पत्र प्राप्त होंगे। रीवा जिले में कुल 21899 भू-स्वामियों को पंजीयन प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन 17 अक्टूबर को इनका वर्चुअल माध्यम से वितरण किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले की तहसील हुजूर नगर में 535, हुजूर ग्रामीण तहसील में 3034 तथा सेमरिया में 836 भू-स्वामियों को पंजीयन प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसी तरह तहसील सिरमौर में 2001, रायपुर कर्चुलियान में 854, मंनगवा में 913, त्योंथर में 7030, जवा में 5496 तथा तहसील गुढ़ में 1200 भू स्वामियों को पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। अभियान के लिए अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार करने के लिए पटवारी द्वारा भू स्वामियों की सारा ऐप पर ई केवाईसी की जा रही है। इसके लिए 512 पटवारी तथा 19 राजस्व निरीक्षक तैनात किए गए हैं। जिले में 29 तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करेंगे। अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।


