प्रशासनमध्य प्रदेशस्वास्थ्य

उप मुख्यमंत्री ने स्वयं रक्तदान करके किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ

उप मुख्यमंत्री ने स्वयं रक्तदान करके किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ

सेवा संकल्प अभियान में आयोजित रक्तदान शिविर में हुआ रक्त संचय 

रक्तदान जरूरतमंद मरीज को जीवनदान देता है – उप मुख्यमंत्री  

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

  रीवा : सेवा संकल्प अभियान के तहत संभागीय मुख्यालय रीवा में कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वयं रक्तदान करके शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू हो रहा है। आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री और भारत माता के सच्चे सपूत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिन है। आज देश भर में रक्तदान शिविर आयोजित करके प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन मनाया जा रहा है। रक्तदान महादान है। रक्त फैक्ट्री में नहीं बनता है। जब हम सब रक्तदान करते हैं तो वह ब्लड बैंक में जमा होता है और जरूरतमंद को दिया जाता है। रक्तदान जरूरतमंद मरीज को जीवनदान देता है। जब हम सब देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए और सच्चे भारतीय के रूप में रक्तदान करते हैं तभी पीड़ितों की जान बचाने के लिए रक्त प्राप्त होता है। वह व्यक्ति जो 18 साल से 65 वर्ष की आयु वर्ग का है और स्वस्थ है वह 3 महीने में एक बार रक्तदान कर सकता है। आज मैंने स्वयं रक्तदान किया है और मुझे आत्मिक प्रसन्नता हो रही है। मेरे साथ-साथ पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र गुप्ता, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने रक्तदान शिविर मे रक्तदान किया। मनगवां में आयोजित शिविर में विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति ने भी रक्तदान किया है।

 

सेवा संकल्प अभियान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने सुबह से ही कमर कसी। शिविर से एक दिन पहले रक्तदाताओं की सूची तैयार की गई। सुबह 9 बजे रक्तदान शिविर शुरू होते ही सबसे पहले जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह तथा प्रसिद्ध खिलाड़ी कुशल थापा ने रक्तदान किया। इसके बाद रक्तदान करने का सिलसिला चल पड़ा। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, जिला प्रबंधक ई गवर्नेंस आशीष दुबे तथा अन्य अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने रक्तदान किया। शिविर में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी, भारतीय रेडक्रास समिति तथा अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रक्तदान करके पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान दिया। रीवा के अतिरिक्त जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनगवां, जवा सिरमौर, सेमरिया, सिविल अस्पताल त्योंथर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदगढ़ में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इनमें बड़ी संख्या में आम जनों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, रीवा जिले के सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव केसी गुप्ता, कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तथा शिविर की नोडल अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने अपनी पूरी टीम के साथ लगातार परिश्रम करके शिविर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। मेडिकल कालेज के डीन डॉ. शशिधर गर्ग, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, तथा सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा की टीम ने आवश्यक व्यवस्थाएं की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button