
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, ऋण स्वीकृति पत्र और टूलकिट वितरित
महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल की ओर से लाभार्थी सम्मेलन आयोजित
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पुणे जिले के पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र, स्वीकृत ऋण के मंजूरी पत्र तथा टूलकिट वितरित किए गए। निवासी उपजिलाधिकारी ज्योति कदम के हाथों लाभार्थियों का सम्मान किया गया।
जिलाधिकारी कार्यालय में महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल, पुणे की ओर से आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में उपायुक्त अर्चना कोठारी, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रमेश सुरंग, अधीक्षक समीर महाजन, विश्वजीत आसवे, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी योगेश पाटील, जिला कौशल विकास अधिकारी सुरेश वरहाड़े, संचालन समिति के सदस्य धर्मेंद्र खांडरे, विकास जगताप, हरीश परदेशी, राज्य समन्वय अधिकारी अभय रावेतकर, रविंद्र शेवते, अनंत कदम, अमर राऊत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में हस्तकागज संस्था के संचालक अमर राऊत ने खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल की स्थापना के उद्देश्य और उसके कार्यक्षेत्र की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक विकास को गति देने में ग्रामोद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों की देश के सकल घरेलू उत्पाद में करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी होने की जानकारी भी उन्होंने दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लिए खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है तथा योजना के क्रियान्वयन में महाराष्ट्र देश में दूसरे स्थान पर है।
पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं हस्तशिल्प से जुड़े व्यवसायियों को कौशल प्रशिक्षण, आधुनिक टूलकिट, ऋण सुविधा और बाजार उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को योजना के तहत उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर रश्मी रविंद्र देसाई और तानाजी आवारे को योजना का प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही दोनों को एक-एक लाख रुपये के स्वीकृत ऋण का मंजूरी पत्र भी दिया गया। लाभार्थियों ने बताया कि योजना का लाभ मिलने के बाद उनके व्यवसाय में वृद्धि हुई है।
लता ढोरे, विनोद थोरात, अनिल रसाल, स्वर्णा जाधव, विठ्ठूबा बोरकर, विठ्ठल सदाशिव पवार और प्रवीण हमीन नदाफ को योजना के प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र वितरित किए गए। रेखा प्रेम भुटाणा को एक लाख रुपये के स्वीकृत ऋण का मंजूरी पत्र प्रदान किया गया।
3,617 लाभार्थियों को अब तक टूलकिट का वितरण
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण सुविधा के साथ आवश्यक टूलकिट भी उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत जारी प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र पूरे देश में मान्य हैं और लाभार्थी योजना के विभिन्न लाभ देश के किसी भी हिस्से में प्राप्त कर सकते हैं।
पुणे जिले में जिला समिति द्वारा 8,674 आवेदन पात्र मानकर अनुशंसित किए गए हैं। इनमें से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग के माध्यम से 7,686 आवेदन प्राथमिक प्रशिक्षण के लिए आगे भेजे गए हैं। इनमें से 6,296 लाभार्थियों का प्राथमिक प्रशिक्षण पूरा हो चुका है, जबकि अब तक 3,617 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम का संचालन अनंत कदम ने किया, जबकि रविंद्र शेवते ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



