
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सदर तहसील औरैया में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की महत्वपूर्ण जनसुनवाई व्यवस्था है, जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर उन्हें त्वरित राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्यवाही की जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर विवादों का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम माखनपुर इटाहा, विकास खण्ड भाग्यनगर निवासी नाथूराम ने पेयजल, राशन कार्ड एवं बिजली सुविधा उपलब्ध न होने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जलापूर्ति पाइपलाइन उनके घर से लगभग 80 मीटर पहले तक ही पहुंची है तथा पूर्व में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, जल निगम को नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम जैतापुर निवासी राम जानकी पत्नी आनंद कुमार मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्य से हटाए जाने की शिकायत करते हुए अपनी पारिवारिक एवं आर्थिक स्थिति से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी, औरैया को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में ग्राम उनीतीपुर, भाग्यनगर निवासी विशम्भर दयाल ने सिंचाई नाली कई वर्षों से बंद होने के कारण अमरूद के बगीचे को नुकसान होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, राजस्व, सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित कुल 135 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी पारदर्शी, उत्तरदायी एवं जनकेंद्रित कार्यशैली अपनाते हुए शिकायतकर्ताओं को संतुष्टिपूर्ण राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
मौके पर कई शिकायतों का हुआ त्वरित निस्तारण।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया गया। आवेदक सुनीता देवी पत्नी मोहन सिंह निवासी ग्राम कुठर्रा, मनोज कुमार पुत्र हीरालाल, सावित्री देवी पत्नी राम प्रकाश मिश्र निवासी क्योंटरा तथा जयनारायण पुत्र सोनेलाल निवासी बिधूली द्वारा खतौनी एवं अंश निर्धारण में नाम संशोधन के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों का तत्काल निस्तारण कराया गया।
इसी प्रकार राम मुरारी पाल पुत्र शोभाराम निवासी पढ़ीन, अब्दुल करीम पुत्र नथ्थू, शांति देवी पत्नी रघुवीर निवासी रहमतगंज तथा रामकिशोर पुत्र केशव देव निवासी अटा द्वारा वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की शिकायत प्रस्तुत की गई, जिसका समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से मौके पर ही समाधान कराया गया। इसके अतिरिक्त गृजेश सिंह पुत्र विजय सिंह निवासी भीखापुर द्वारा अमलदरामद तथा राकेश कुमार निवासी निगड़ा द्वारा अपनी गली में एबीसी विद्युत केबल लाइन डलवाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनका भी संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्काल निस्तारण सुनिश्चित कराया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी सी.पी. सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



