उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 42 ग्रामों की कार्य योजना संशोधन के निर्देश

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 42 ग्रामों की कार्य योजना संशोधन के निर्देश

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 42 ग्रामों की कार्य योजना में ग्रामों की आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को किया जाएगा सम्मिलित।

 

जिलाधिकारी ने बीडीओ, ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिवों को दिए आवश्यकतानुसार कार्य योजना संशोधित कर आगणन तैयार करने के निर्देश।

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में केन्द्र प्रायोजित प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना (पी.एम.ए.जी.वाई.) के अंतर्गत चयनित ग्रामों के विकास कार्यों एवं ग्राम विकास योजनाओं (वी.डी.पी.) के संशोधन के संबंध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में आहूत की गयी।

बैठक में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित 42 ग्रामों की कार्य योजना (वी.डी.पी.) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य योजनाओं को संशोधित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना का उद्देश्य चयनित ग्रामों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए ग्रामीणों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके दृष्टिगत प्रत्येक ग्राम की स्थानीय आवश्यकताओं का प्राथमिकता के आधार पर चिन्हांकन किया जाए तथा जिन कार्यों की आवश्यकता है, उन्हें ग्राम विकास योजना में सम्मिलित किया जाए।

उन्होंने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि संबंधित ग्रामों में स्थलीय आवश्यकता का आकलन करते हुए आवश्यक विकास कार्यों को कार्य योजना में शामिल किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से आंगनवाड़ी केन्द्रों, नाला/नाली निर्माण, आर.सी.सी. पुलिया, सोलर लाइट सहित ग्राम से संबंधित अन्य आवश्यक आधारभूत विकास कार्यों को चिन्हित कर उनके प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य योजना तैयार करते समय ग्राम की वास्तविक आवश्यकता, जनोपयोगिता तथा प्राथमिकता का विशेष ध्यान रखा जाए। प्रस्तावित कार्यों के संबंध में नियमानुसार आगणन (एस्टीमेट) तैयार कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए, जिससे स्वीकृति एवं क्रियान्वयन की कार्यवाही आगे बढ़ाई जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय मानकों एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों की वर्तमान स्थिति एवं प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार करने तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ सम्मिलित करने पर जोर दिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य योजनाओं का संशोधन कर आवश्यक आगणन तैयार करने की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण करते हुए योजना के उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी , जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), पंचायतीराज विभाग के डी.पी.एम., समस्त खण्ड विकास अधिकारी, संबंधित ग्रामों के ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव तथा कन्सल्टिंग इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button